चारामा में प्रबुद्धजन सम्मेलन सम्पन्न, धरमलाल कौशिक ने विकसित भारत के संकल्प पर किया मार्गदर्शन,,,,



चारामा में प्रबुद्धजन सम्मेलन सम्पन्न, धरमलाल कौशिक ने विकसित भारत के संकल्प पर किया मार्गदर्शन,,,,
(बस्तर बन्धु)
कांकेर/चारामा। भारतीय जनता पार्टी द्वारा चारामा में आयोजित प्रबुद्धजन सम्मेलन में छत्तीसगढ़ विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष एवं वरिष्ठ भाजपा नेता धरमलाल कौशिक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता कांकेर लोकसभा सांसद भोजराज नाग ने की। सम्मेलन में विशिष्ट अतिथि के रूप में कांकेर विधायक आशाराम नेताम, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व जिलाध्यक्ष सतीश लाटिया, हस्तशिल्प विकास बोर्ड की अध्यक्ष शालिनी राजपूत, पूर्व विधायक एवं भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की स्थायी आमंत्रित सदस्य सुमित्रा मारकोले, भाजपा जिला उपाध्यक्ष राजा देवनानी, भाजपा जिला मंत्री एवं चारामा मंडल प्रभारी अनूप सिंह राठौर तथा चारामा मंडल अध्यक्ष ओमप्रकाश साहू उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन, जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं की सहभागिता रही।
मुख्य अतिथि धरमलाल कौशिक ने अपने उद्बोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हुए व्यापक परिवर्तन, सुशासन और जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि “विकसित भारत-2047” का संकल्प केवल सरकार का लक्ष्य नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि बीते वर्षों में भारत ने आधारभूत संरचना, डिजिटल तकनीक, आत्मनिर्भरता, महिला सशक्तिकरण, गरीब कल्याण, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं ग्रामीण विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक मंच पर एक सशक्त, आत्मविश्वासी और निर्णायक राष्ट्र के रूप में स्थापित हुआ है तथा विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करने में समाज के प्रत्येक वर्ग, विशेषकर प्रबुद्धजनों, युवाओं और सामाजिक संगठनों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे सांसद भोजराज नाग ने अपने उद्बोधन में कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिए समाज के सभी वर्गों की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है। उन्होंने प्रबुद्धजनों से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
इसके पश्चात विशिष्ट अतिथि कांकेर विधायक आशाराम नेताम ने अपने संबोधन में कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनहितकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना भाजपा की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में युवाओं, किसानों, महिलाओं और प्रबुद्ध वर्ग की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने क्षेत्र के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए जनता से राष्ट्रहित में सकारात्मक योगदान देने का आग्रह किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विशिष्ट अतिथि भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व जिला अध्यक्ष सतीश लाटिया ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन की विचारधारा एवं केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में समाज के जागरूक एवं प्रबुद्ध वर्ग की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
सम्मेलन के दौरान चारामा क्षेत्र के अनेक प्रबुद्धजनों का सम्मान भी किया गया। भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने धरमलाल कौशिक का पुष्पमालाओं एवं पुष्पगुच्छों से आत्मीय स्वागत किया। पूरे आयोजन में उत्साह, अनुशासन और संगठनात्मक ऊर्जा का वातावरण देखने को मिला।
कार्यक्रम स्थल पर अतिथियों द्वारा एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत पौधारोपण भी किया गया। सभी अतिथियों ने पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के संदेश के साथ पौधे लगाए और लोगों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने की अपील की।
कार्यक्रम का सफल संचालन भाजपा जिला महामंत्री राजा पांडेय ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन भाजपा जिला मंत्री एवं चारामा मंडल प्रभारी अनूप सिंह राठौर ने किया।
इस अवसर पर भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष हलधर साहू, नगर पालिका उपाध्यक्ष उत्तम यादव, भाजपा ज़िला प्रवक्ता राजीव लोचन सिंह, भाजपा शहर मंडल अध्यक्ष दिनेश रजक, कांकेर चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक एवं भाजपा शहर मंडल उपाध्यक्ष अनूप शर्मा, शहर मंडल उपाध्यक्ष तनुज सिंह ठाकुर, छत्तीसगढ़ चेंबर के प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक राठी,भाजपा युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष संजू गोपाल साहू, पार्षद विकास अंभोरे, भाजपा युवा मोर्चा मंडल उपाध्यक्ष जतीन अटभैया, खुशी जोतवानी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।
दिवंगत भाजपा नेताओं के परिजनों से की मुलाकात
चारामा में आयोजित कार्यक्रम के पश्चात धरमलाल कौशिक कांकेर पहुंचे, जहां उन्होंने गत माह दिवंगत हुए भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के निवास पहुंचकर उनके परिजनों से भेंट की तथा अपनी गहरी शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने भाजपा के वरिष्ठ नेता स्वर्गीय महावीर सिंह राठौर, मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष स्वर्गीय भरत मटियारा तथा भाजपा के वरिष्ठ नेता स्वर्गीय गयाराम देवांगन के निवास पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस दौरान उन्होंने शोक संतप्त परिवारों से मुलाकात कर उन्हें धैर्य बनाए रखने का संबल दिया। उन्होंने कहा कि इन सभी वरिष्ठ नेताओं ने संगठन, समाज एवं क्षेत्र के विकास के लिए उल्लेखनीय योगदान दिया है, जिसे सदैव स्मरण रखा जाएगा। उनके निधन से भाजपा परिवार तथा क्षेत्र की सामाजिक एवं राजनीतिक गतिविधियों को अपूरणीय क्षति पहुंची है।
कौशिक ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। इस अवसर पर भाजपा के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी उनके साथ उपस्थित रहे।
